Sunday, June 19, 2022

वे कहते हैं, “बेशर्म के फूल पर लिखो”....!!

 वे कहते हैं, “बेशर्म के फूल पर लिखो”....!!




वे कहते हैं कि कवि महोदय ‛बेशर्म के फूल’ पर कविता लिखो ! हाँ वहीं ‛बेहया’ का फूल ! उन्हें हर लेखक कवि ही लगता है। मैंने अपने आप को कभी कवि नहीं माना। वे ना जाने क्यों मुझे कवि मानते हैं। मैंने उन्हें कई बार कहा कि मैं तो सिर्फ़ थोड़ा बहुत व्यंग्य व समसामयिक विषयों पर ही किबोर्ड चलाता हूँ। मुझसे कवि कर्म का निर्वाह करना मुश्किल होता है। पर वे इसी बात पर अड़े रहते हैं कि मैं तो कविता ही लिखूं और वह भी बेशर्म, अमलतास, गुलमोहर, गेंदा, चमेली, मोंगरा आदि जैसे फूलों पर लिखूं।

पिछले दिनों वे मेरे एक व्यंग्य पर ही भड़क गए। मुझे अपने ओटले पर बुलाकर कहने लगे ;-
‛यह क्या है ?’
मैंने कहा- व्यंग्य है !
यह सुनकर व मेरे व्यंग्य को बगैर पढ़े ही वे कहने लगे कि ‛हमें व्यंग्य-फंग समझ नहीं आता। आपसे कितनी बार कहा कि आप सिर्फ़ फूलों, पहाड़ों, चाँद-सूरज, चंपा-चमेली पर ही कविता लिखा करों।’ ओर अपने ओटले के आसपास वाले बेशर्म, अमलतास, गुलमोहर आदि के फूलों को बतातें हुए कहने लगे कि इन फूलों पर काव्य करों।
आगे कहने लगे ;- “राजनीति, पंथ, मजहब, ईश्वर, दीन-पीन, संविधान, पंथनिरपेक्षता आदि पर आपको कुछ भी लिखनी की कोई जरूरत नहीं है। इनके लिए हमारा सुपारी का डंडा ही ठीक है। इस डंडे की आवाज बहुत बुलंद है। इस डंडे जैसे गहरी आवाज आजकल आपकी कलम में कहाँ होती हैं।”

वे आगे अपनी बात कहते ही गए। इस प्रवाह में वे ऐसी बातें इसलिए कर पा रहे थे क्योंकि इन दिनों आचार संहिता चल रही है। जब भी हमारे देश में आचार संहिता होती है। बेशर्म जैसे फूलों के दिन भी अच्छे दिन की श्रेणी में आ जाते हैं। मेरे जैसा व्यक्ति अब जाए तो जाए कहाँ ? लिखें तो क्या लिखे ! घर में रहो तो आम के अचार के लिए अचार संहिता का पालन करों और घर के बाहर जाओ तो कभी आम व कभी किसी खास आचार संहिता का पालन करो। मुझे कविता लिखना आती नहीं। वे हर बार कविता लिखने को कहते हैं। और अपनी बात में वजन बढ़ाने के लिए सीधे निराला जी का उदाहरण देते है कि उन्होंने भी कुकुरमुत्ते पर कविता लिखी थी। उन्होंने गुलाब व अपने समय के गुलाबचंदो को कभी कोई भाव नहीं दिया। सिर्फ़ इसी ऐतिहासिक साहित्यिक घटना के कारण ही वे भी कह रहे हैं कि मैं भी बेशर्म जैसे फूलों पर कविता लिखूं। और मेरे समय के बेशर्मों को कोई भाव ना दूं।
अब आखिर उन्हें कौन समझाये कि मेरे कवि मन को मेरी पूर्व प्रेमिकाएँ कब का नई दिल्ली व विदेश उड़ा ले गई। अब उस कवि मन को नई दिल्ली व विदेश से वापस लाना मेरे जैसे मध्यवर्गीय लेखक के बस का नहीं रहा है।

खैर, जब तक यह अचार व आचार संहिता का मौसम चलेगा, तब तक बेशर्म के फूलों की कविताओं की मांग आती रहेंगी और जैसे ही फिर मौसम सामान्य होगा, साहित्य की अन्य विधाओं की बहार आना शुरू हो जाऐगी। मुझे पक्का पता है जैसे ही यह मौसम विदा हुआ कि हर बार की तरह वे मुझे अगले पांच साल तक फिर कुछ भी लिखने से कोई टोकाटाकी नहीं करेंगे। वे अगले पांच वर्षों तक अपने अपने ठीये व ओटलों पर निश्चिंत होकर गहरी नींद में लोकतंत्र के मनोहारी काव्य का आनंद लेते रहेंगे....!!



भूपेन्द्र भारतीय 
205, प्रगति नगर,सोनकच्छ,
जिला देवास, मध्यप्रदेश(455118)
मोब. 9926476410
मेल- bhupendrabhartiya1988@gmail.com 

Friday, June 17, 2022

धर्मशाला-खज्जियार-डलहौज़ी(हिमाचल) यात्रा....!!

 धर्मशाला-खज्जियार-डलहौज़ी(हिमाचल) यात्रा....!!

       

                            वार मैमोरियल धर्मशाला

आज 30 मई को हम चार मित्र(अजय सिंह, सचिन सिंह, भागवेन्द्र सिंह) व मैं करीब 3 बजे सोनकच्छ से एक अचानक बनी व अनिश्चित यात्रा के लिए निकले। कहा जाना है यह पक्का नहीं था। बस कहीं ठंडी जगह चलना है। खासकर के ऊपर हिमालय की ओर। सबसे पहले इकलेरा(टोंकखुर्द) माता जी के यहां हमने माधा टेका ओर आशीर्वाद लेते हुए आगे बढ़ गए। शाजापुर से होते हुए रात शिवपुरी मे रूके।
सुबह शिवपुरी से आठ बजे चलते हुए आगरा दिल्ली होते हुए, चंडीगढ़ के पास पंजाब के खन्ना में आज शाम 31 मई 2022 को हम में से एक मित्र के मित्र के घर रायपुर गाँव में रात रुके। आज दिनभर हमारी कार सरपट चलती रही। भारत में सड़कें अब पहले से बहुत अच्छी हो गई है।
वर्तमान में आज हम जिन नगरों से होते हुए आये, इस मार्ग में अच्छी सड़कों का लंबा चौड़ा जाल बन गया है। जिसमें यमुना द्रुतगामी मार्ग (एक्सप्रेस) एक अच्छा उदाहरण है। वर्तमान में भारत में चारों ओर चतुर्दिक गति से शहरीकरण अपना विस्तार ले रहा है। गाँव गौर से देखने पर भी कम ही दिखते हैं। और जो भी गाँव इस मार्ग पर मिलता है वह अपना नेसर्गिक आकार व सुंदरता खोता जा रहा है।
                  

                 डलहौज़ी 
1 जून की सुबह हम पंजाब के रायपुर पिंड(गाँव) में थे। पंजाब के गाँव बेहद आधुनिक है। साथ ही आत्मनिर्भर भी। वहां से चंडीगढ़ पहुंचे। इस बीच पंजाब की नहरें भी दिखती रही। बड़ी बड़ी नहरें, पानी से लबालब भरी बहती हुई।
चंडीगढ़ एक सुनियोजित नगर है। इतने सेक्टरों में विभाजित है कि नया व्यक्ति आसानी से भ्रमित हो सकता है। एकदम साफ सुथरा नगर। चंडीगढ़ में आधा दिन घुमने के बाद हम धर्मशाला हिमाचल प्रदेश की ओर बढ़ गए। हिमाचल में नहरें, बांध व पहाड़ों के सुंदर दृश्य नये पर्यटक को स्वतः ही आकर्षित करते हैं। भाखड़ा-नांगल बांध देखने पर नेहरू जी के आधुनिक मंदिरों का ख्याल आता है। साथ ही इन्हें देखने पर मैं तो मानव मस्तिष्क के कौशल व श्रम को प्रणाम करता रह गया। शाम तक धर्मशाला की ओर बढ़ते हुए पहाड़ों पर चढ़ते हुए सुंदर व मोहक सुर्यास्त का दृश्य मन को कितनी ही कल्पनाओं व सौंदर्य से भर देता है...!

2 जून की सुबह हम हिमालय के पहाड़ों की गोद में थे। 2 जून की रोटी भी हमने धर्मशाला के एक स्वादिष्ट व्यंजन बनाने वाले भोजनालय पर ही खाईं। यहां चारों ओर पहाड़ ही पहाड़ व प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर दृश्य हैं। दिन में धर्मशाला के वार मेमोरियल देखने गए। 1965 व 1971 के युद्ध में बलिदान हुए वीर जवानों की स्मृति में यहां युद्ध स्मारक व उद्यान बना है। बहुत ही अच्छे से इसका निर्माण किया गया है। उसके बाद हम भारत का सबसे ऊंचाई पर धर्मशाला में स्थित क्रिकेट स्टेडियम को देखने पहुंचे। यहां से पर्वत चोंटीयों का दृश्य बहुत ही आकर्षक व मनमोहक लग रहा था। वैसे खेल का मैदान बगैर खिलाड़ी के सुना-सुना ही लगता है। कुछ क्रिकेट प्रेमी आज यहां सिर्फ फोटो खिचाने के लिए ही आये हुए थे। उनमें से हम भी थे। आगे कोई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच जब यहां खेला जायेगा तो हम बड़े इतरा कर कहेंगे कि हम वहां जा चुकें हैं। वर्तमान में मोबाइल ने फोटोबाजी का नया ही चस्का व जूनून चढ़ा रखा है। इस चक्कर में हम किसी भी स्थान व पर्यटन स्थल को रूची से देखने को वंचित होते जा रहे हैं।
क्रिकेट स्टेडियम से फिर हम धर्मशाला के चाय बागान को देखने पहुंचे। ठंडी ताजा चाय पी। ऐसे बाग में मेरा ठंडी चाय पीने का यह पहला सुखद अनुभव रहा।
                   

                 धर्मशाला क्रिकेट मैदान 
वहां से फिर हम मैक्लॉडगंज नगर पहुंचे। यहां बौद्ध भिक्षुओं के धर्मगुरु दलाईलामा का निवास भी है। मैक्लॉडगंज, भारत के हिमाचल प्रदेश राज्य के काँगड़ा ज़िले में स्थित धर्मशाला नगर का एक उपनगर है। इसमें चीन के तिब्बत पर कब्ज़े के बाद आए कई विस्थापित तिब्बतियों का निवास है, जिस कारणवश इसे कभी-कभी छोटा ल्हासा, या धर्मशाला और ल्हासा मिलाकर धासा भी पुकारा जाता है। यहाँ तिब्बत की निर्वासन सरकार का मुख्यालय भी है। यहाँ दलाई लामा भी विराजमान हैं। पर्यटकों के लिए यहां देखने को बहुत से स्थल है।
मैक्लॉडगंज में विदेशी सेलानी भी काफी मात्रा में घूमते हुए दिखे। यहां की गलियों में हम भी शाम तक घुमंतुओं की तरह इधर उधर डमते(घुमते) रहे...! मैं यह सब करते हुए सोच रहा था कि घुमंतुओं के पितामह राहुल सांकृत्यायन अपने जीवन में कितना घुमे होगें ! क्या वर्तमान में मेरा जैसा ऐसा कर सकता है। खैर राहुल जी से पहले भी इस धरती पर कितने ही घुमंतू आये और आगे भी आते ही रहेंगे। आज की रात हम मैक्लॉडगंज ही रूके। जिस होटल में रुके थे उसकी खिड़की से बर्फ के पहाड़ों का बहुत ही सुंदर नजारा दिख रहा था। रात में पहाड़ पर दूरी दूरी पर बने छोटे छोटे घरों की लाईट तारों जैसी लग रही थी। यह रात देरी तक बर्फ से पिघले पानी से झरनों के कल-कल नीर की तरह बहती व बहकती रही।
              

                  खज्जियार जोत चोंटी 
पिछली रात सपनों के सागर की लहरों में चक्कर लगाती रही, पर 3 जून की सुबह मैक्लॉडगंज में ही हुई। यहां मौसम सामान्य था। जैसा हमारे मालवा में नवंबर दिसंबर में रहता है। यहां से तेल-पाटी(तैयार होकर) करके हम खज्जियार-डलहौजी के लिए निकले। खज्जियार भारत के हिमाचल प्रदेश राज्य के चम्बा ज़िले में स्थित एक बड़ा गाँव है। यह पर्वतों से घिरा एक रमणीय पर्वतीय मर्ग या मैदान है जिसमें एक सुंदर झील स्थित है। प्राकृतिक सौन्दर्य के कारण इसे भारत का "छोटा स्विटजरलैंड" ("मिनी स्विटजरलैंड") भी कहा जाता है। धर्मशाला से ये दोनों सुंदर स्थल ज्यादा दूर नहीं है, लेकिन ये पर्वतीय क्षेत्र समुद्र से करीब 2300 मीटर की ऊंचाई पर है। दिनभर गोल गोल घूमते हुए हमारी कार चलती ही रही। यहां कार सार्थी बड़ा ही कुशल व धैर्यवान होना चाहिए। इस उतार चढ़ाव मार्ग में बेहद सुंदर ऊंचे-ऊंचे पर्वतों के दृश्य मन को मोह रहे थे। इस मार्ग में हमें कई शिक्षक दिखे जो ऊंची चोटी पर स्थित गाँवों के विद्यालय में पढ़ाकर शाम होते अपने घर की ओर जाने के लिए इस मार्ग पर खड़े थे। वहीं छोटे छोटे बच्चें पाठशाला से अपने घर की ओर जा रहे थे। कोई किसी पाठशाला से नीचें उतर रहा था, तो कोई अपने नीचे गाँव में स्थित पाठशाला से छुट्टी होने पर उसके घर जो ऊंचाई पर स्थित था, पहाड़ चढ़ते हुए बड़ी ही मस्ति व निडरता से जा रहे थें। यह सब देखकर मुझे लगा कि ये पर्वत व ऊंची चोंटीयां पर्यटकों से तो कई खतरनाक खेल खेलती है, लेकिन प्रतिदिन इन पर्वतों व चोंटीयों से ये नन्हे नन्हे बच्चें खेलते हैं। लगा पर्वत इनके लिए खेल का मैदान है। साथ ही उनके मित्र भी। यहां मेरे जैसे लेखक के लिए इन दृश्यों को जीवंत करना मुश्किल हो रहा है, यहां भाषा व शब्द की क्षमता कम पड़ जाती हैं। पाठक को यदि इन दृश्यों का जीवंत आनंद लेना है तो उसे हिमाचल के इन सुंदर पहाड़ों, गाँवों व छोटे छोटे नगरों की यात्रा ही करना पड़ेगी।
                     


आगे शाम होते होते हम मिनी स्वीजरलैंड पहुंचे। उसके पहले इन्हीं पहाड़ों की एक चोंटी पर एक सुंदर “मनीजोत कैफे” पर कॉफी पीने रुके। इस कैफे के मालिक सुधीर शर्मा भारतीय सेना में अपनी सेवा दे चुके हैं। इस कैफे में कुछ पुस्तकें भी पढ़ने को रखी गई है। यह देखकर मुझे अच्छा लगा। एक लेखक को पुस्तकें दिख जाए और वह भी इतनी ऊंचाई पर तो उसकी यात्रा सफल है। इस कैफे से बहुत सुंदर प्राकृतिक नजारें दिखते हैं। शाम खज्जियार में बड़ा सुंदर वातावरण था। हरी हरी घांस का बड़ा सा मैदान। मैदान में हम चारों मित्र बैठकर प्रकृति का आनंद ले रहे थे। वहीं एक फेरी वाला हमारे पास आ गया और कहने लगा शिलाजीत ले लिजिये साहब...! हमने जैसे तैसे उसे समझाया कि बंधु अभी इसकी जरूरत नहीं है। मैदानी इलाकों में जाओं वहां शायद किसी को जरूरत हो। पहाड़ों पर युवा तरूणाई ही आती और रहती हैं, यहां क्यों अपनी बहुमूल्य ऊर्जा व समय खर्च कर रहे हो।
मिनी स्वीजरलैंड से रात को जल्दी ही डलहौज़ी पहुंचे। आज रात डलहौजी की सुंदरता व गुलाबी ठंड के नाम रही।
              


4 जून की सुबह डलहौज़ी की खूबसूरत वादियों में हुई। सुबह डलहौज़ी की सड़कों पर घुमने निकला तो वायु सेना का बेहद रोचक व आकर्षक विद्यालय दिखा। यह मार्ग व इसके आसपास का क्षेत्र वायुसेना के नियंत्रण में है। सेना के शौर्यपूर्ण इतिहास के साक्षी रहे हथियार व टेंक सड़क के किनारे रखें थे। यह जगह युवाओं के जाने के लिए बहुत ही अच्छी है। किशोरों को यहां जरूर ले जाना चाहिए।
नास्ता डलहौज़ी में ही किया ओर सबसे आश्चर्य का विषय यह रहा कि मालवा का स्वादिष्ट व्यंजन पोहा डलहौज़ी तक पहुंच गया है। पर उसमें सेंव नहीं थे, वह हमने अपने खारमंजन के खजाने में से निकालकर पोहे में मिलाई। इस पहाड़ी नगर में कुछ देर घुमने के बाद हम बसोली के बांध को देखने पहुंचे। वहां से हम रणजीत सागर बांध जो कि रावी नदी पर बना हुआ है। उसे देखते हुए वहां से हम कश्मीर के लिए निकले। लेकिन फिर समय की कमी, नेटवर्क की समस्या, घर वालों से परिमिशन भी नहीं होने के कारण व कश्मीर में हो रही घटनाओं के कारण उधर जाने का कार्यक्रम स्थगित कर दिया। आगे यू टर्न लेते हुए व बहुत कुछ निराशा के साथ हम शाम तक अमृतसर के स्वर्ण मंदिर देखने पहुंचे। इस मार्ग में हमने फिर रंजीत सागर बांध भी देखा। जो कि रावी नदी पर बना है। इस यात्रा में पंजाब की पांचों नदियों को भी हम समय समय पर आधुनिक सेतुओं को पार करते हुए देखते रहे। इस यात्रा में नदियों का बड़ा सा जाल देखा। भारत में कितनी नदियां है लेकिन वर्तमान में हम 20 रुपये से ऊपर की बॉटल का पानी पी रहे हैं ! यह कैसा विकास हुआ है, इन सब वास्तविकताओं से सामना करते हुए दुख भी होता है और क्रोध भी आता है। हमने प्राकृतिक संसाधनों के साथ सबसे ज्यादा अन्याय किया है।
              


आज शाम को स्वर्ण मंदिर पर पहुंचकर वहां मथ्था टेका ओर मंदिर के भव्य प्रांगण में घुमते रहे। इस भव्य मंदिर में बड़ा ही अच्छा लगता है। रात अमृतसर के नजदीक ही रूके।
5 जून की सुबह हम सीधे अमृतसर से शाम तक दिल्ली पहुंचे। रात दिल्ली में ही रूके। रात को दिल्ली में भ्रमण करते रहे। कनॉट प्लेस पर मित्रों के साथ तफरी करते रहे।
अगले दिन घर के लिए दिल्ली से निकले। शाम को आगरा में ताजमहल के दीदार करने पहुंचे। गाईड महोदय ने अपने चमत्कारी इतिहास बोध से ताजमहल के इतिहास व निर्माण से संबंधित ज्ञान के माध्यम से हमे कई बार आश्चर्य में डाला। गाईड महोदय द्वारा बताये ताजमहल के कई तथ्यों व इतिहास पर ज्यादा ध्यान ना देते हुए व गाइड महोदय को सह-धनमय धन्यवाद देते हुए हम भी फोटोबाजी करके वहां से बाहर निकल लिये। लेकिन मन बार-बार उस रचनात्मक व उन महान श्रमिकों, कारीगरों व कलाकारों को नमन करता रहा जिन्होंने इस महान रचना को रचने के लिए अपना पूरा जीवन लगा दिया।।      
अगले दिन रात को उसी मार्ग से होते हुए हम सकुशल घर आ गए। बाहर की यात्रा आंतरिक यात्रा को नये-नये मार्ग दिखाती है। अनंत की यात्रा के लिए कभी कभी बाहर की यात्रा भी जरूरी है। इस संसार की भौतिक यात्रा स्थायी नहीं है लेकिन मनुष्य की आंतरिक यात्रा अनंत व अनादि है। ध्यान, योग व स्वाध्याय की यात्राओं के लिए भौतिक यात्राएं भी जरूरी है। इसलिए समय समय पर जीवन की आपाधापी से समय निकालकर दोनों यात्राएं करते रहें...!



भूपेन्द्र भारतीय 
205, प्रगति नगर,सोनकच्छ,
जिला देवास, मध्यप्रदेश(455118)
मोब. 9926476410
मेल- bhupendrabhartiya1988@gmail.com 

Sunday, June 12, 2022

काशी के घाटों पर क्रांतिकारियों का संवाद:- क्रांतिदूत भाग-०२ (काशी)


काशी के घाटों पर क्रांतिकारियों का संवाद:- क्रांतिदूत भाग-०२ (काशी)


        





क्रांतिदूत शृंखला के भाग-२ में काशी के गुमनाम क्रांतिकारियों का संवादमय वर्णन है। चंद्रशेखर आज़ाद अपनी संस्कृत शिक्षा के लिए काशी में काशी विद्यापीठ आते है। यही उनका कई महान क्रांतिवीरों से परिचय होता है। इनमें बिस्मिल, अशफ़ाक, सान्याल साहब, लाहिड़ीजी आदि ने आजाद को क्रांति का पाठ पढ़ाया व बताया कि कौन कौन माँ भारती के सपूत क्रांति के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम में अपना सर्वस्व न्योछावर कर चुके हैं तथा यह संग्राम कैसे चल रहा है। इस क्रांति की लौ को आगे बढ़ाने के लिए क्या क्या करना पड़ा। संगठन कैसे बनता है। अंग्रेजों को उनकी ही भाषा में कैसे जवाब दिया जा रहा था। यह सब बातें इस भाग में बड़े ही रोचक ढंग से संवादमय तरीकें से ये क्रांतिवीर चंद्रशेखर आजाद के सामने रखते हैं।

इस भाग में अधिकांश बातें काशी के घाटों पर क्रांतिकारी मिलकर बड़ी ही चतुराई से अपने लक्ष्य को समझते व उसपर चर्चा करते है। इन चर्चाओं में आजाद साहब अपने ज्वलंत व महत्वपूर्ण प्रश्नों से पाठकों को भी इन कथाओं से जोड़कर रखते है। 1910 से 1920 के आसपास काशी में कितने ही गुमनाम क्रांतिकारी अपने क्रांति अभियान पर अलग अलग समय पर मिलते है और क्रांति के माध्यम से कैसे अंग्रेजों को भारत से भगाना है, यह सब घटना क्रमवार में भी इस भाग में सरल भाषा व पाठ्यक्रम पुस्तक की तरह लिखा गया है।

यहां यह ध्यान देना जरूरी है कि उस समय क्रातिकारियों ने अपने इस मार्ग के लिए बड़ी मुश्किल से आम जनमानस को क्रांति मार्ग के लिए कोड़े खाकर व कितनी ही यातनाएं सहकर तैयार किया था। वैसे यहां यह बताना भी जरूरी है कि शुरुआत में अधिकांश क्रांतिवीरों ने अहिंसा का ही मार्ग भारत को आजाद कराने के लिए अपनाया था। लेकिन अंग्रेज भारतीयों को कुछ भी नहीं समझ रहें थे। इसलिए अंग्रेज बहरों को उनकी ही भाषा में जवाब दिया गया। इस भाग में ही घोष बाबू के अनुशीलन सिद्धांत पर गंभीर चर्चा की गई है। लेखक ने बड़े ही रोचक ढंग से बताया है कि घोष बाबू के अनुशीलन व बंकिम चंद्र जी के आनंद मठ से क्रांति की सशस्त्र क्रांति की शुरुआत हुई।

इस भाग में राष्ट्र प्रेम की चिंगारी को आगे बढ़ाने में बंगाल क्रांति के विशेष महत्व पर प्रकाश डाला गया है। ना सिर्फ़ बम व बंदूक से क्रांति की लौ प्रज्वलित हुई पर कलम के माध्यम से भी जबरदस्त क्रांति की जा रही है। पत्रकारिता के माध्यम से क्रांति अपने चरम पर थी। उस समय के पत्रकारों ने अंग्रेजों की निंद उड़ा रखी थी। राष्ट्रवाद, मातृभूमि व राष्ट्रप्रेम पर लिखने के लिए दोहरे आजीवन कारावास तक की सजा कलम क्रांतिवीरों को भी दी जा रही थी। उस समय क्रांति की महत्ता पर जो बोला गया उसे पृष्ठ 74 पर लिखी गई इस पंक्ति से आसानी से समझा जा सकता है, “असली क्रांतिकारी ऐसे ही अपनी गति प्राप्त करेंगे आजाद। ध्यान रखना हम क्रांतिकारी हैं, नेता नहीं...!"

खुदीराम बोस व वीर चाकी का शौर्यपूर्ण बलिदान पाठकों को अंदर तक झकझोर देता है। वहीं कलम की ताकत व हौंसला तो देखें कि “स्वराज्य पत्र ” को निरंतर संपादित व प्रकाशित करने के लिए कितने ही कलम क्रांतिवीर बलिदान हो जाते हैं। इस भाग की विशेषता यह भी है कि इसमें इतने गुमनाम क्रांतिवीरों पर चर्चा की गई है कि मेरे जैसे पाठक के लिए यह सब बड़े ही आश्चर्य व ऊहापोह का विषय रहा। यहां हम इतने गुमनाम क्रांतिकारियों का नाम पढ़ते हैं और वहीं कुछ तथाकथित इतिहासकार अब भी यह कहते है कि अंग्रेज तो भारत छोड़कर अपने मन से गए थे ! इस तरह कुछ परम् बुद्धिजीवी हमेशा यह राग अलापते रहते है कि आजादी तो हमें अहिंसा के द्वारा मिली...! जब हम क्रांतिदूत के भाग-02 काशी को पढ़ते हैं तो स्वतंत्रता संग्राम की वास्तविक सच्चाई पता चलती है और साथ ही कई महान गुमनाम क्रांतिवीरों का स्वाधीनता के लिए संकल्प व समर्पण पढ़ते हुए आंखों में आंसू तक आ जाते हैं। वर्तमान युवा पीढ़ी के लिए यह शृंखला इसलिए महत्वपूर्ण है कि वह आसानी से स्वतंत्रता संग्राम का वास्तविक व सरल इतिहास इस शृंखला में पढ़ सकता है। इस भाग को पढ़ने के लिए यह जरूरी नहीं है कि पहला भाग पढ़ना ही पढ़े। वहीं यह भाग भी आसानी से दो तीन घंटे में एक बैठक में ही पढ़ा जा सकता है साथ ही इस पुस्तक की कीमत भी कम ही है। लेखक का इस शृंखला को लिखने का भी यह उद्देश्य ही इस भाग को पढ़ने से ओर स्पष्ट हो रहा है। नया भारत इस शृंखला को जरूर पढ़े।




पुस्तक : क्रांतिदूत (भाग-2) काशी
लेखक: डॉ. मनीष श्रीवास्तव
प्रकाशक : सर्व भाषा ट्रस्ट
मूल्य : 150


समीक्षक
भूपेन्द्र भारतीय 
205, प्रगति नगर,सोनकच्छ,
जिला देवास, मध्यप्रदेश(455118)
मोब. 9926476410
मेल- bhupendrabhartiya1988@gmail.com 



अंग्रेजी में भी इस लिंक पर जाकर यह समीक्षा पढ़ी जा सकती है। 

https://geotvnews.com/the-saga-of-kashis-revolutionaries-freedom-from-non-violence-answers-geo-tv-news/

Saturday, June 4, 2022

‛अच्छा आदमी’ बनने की यात्रा में ....!!

 ‛अच्छा आदमी’ बनने की यात्रा में ....!!

    

           अमर उजाला में...

अच्छा आदमी क्या होता है मुझे अपने जीवन में कुछ दिनों पहले ही पता चला। किसी आदमी को जनता भला व अच्छा आदमी क्यों कहती हैं, यह जानना व समझना मेरे लिए किसी रहस्य के खुलासे से कम नहीं रहा ! मैं अक्सर आम आदमी से सुनता था कि वो फ़लाँ आदमी बहुत अच्छा है। लेकिन उस फ़लाँ आदमी की अच्छाई के मापदंड मुझे अब जाकर ज्ञात हुए। इन मापदंडों का पालन करके मैं भी कुछ कुछ अच्छा आदमी बन पाया। वैसे मुझे अच्छा आदमी बनने में परेशानियाँ तो बहुत आई, पर अच्छा आदमी बनना कोई छोटी बात नहीं है। उससे मुझे कई लाभ हुए। आभासी दुनिया के लोग मुझे अच्छे से पहचानने लग गए। मुझे कई तरह के आयोजनों, कार्यक्रमों, विवाह-मृत्यु भोज, उद्घाटन समारोह, भूमिपूजन आदि के आमंत्रण के लिए पत्र-पत्रिकाएं आने लगी। मैं अच्छा आदमी बनकर इनमें जाने लगा। अब मैं भला आदमी कहलाने लगा हूँ।

अच्छे आदमी बनने की इस प्रक्रिया में मुझे पहले से बने अच्छे आदमियों से बहुत कुछ सीखना पड़ा। ये वरिष्ठ अच्छे आदमी हर आयोजन की पहली पंक्ति में मुझे खड़े मिले। सफेद झक रंग के कपड़े इनकी पहली पहचान रहती है। इनसे पहचान बढ़ाने के लिए मैं भी इनसे नमस्कार चमत्कार बढ़ाकर आगे की पंक्तियों में खड़े होने लग गया। शुरुआत में थोड़ी धक्का मुक्की करनी पड़ी पर फिर जगह अपने आप मिलने लग गई। अच्छा आदमी जो बन रहा था ! इसी कड़ी में एक बड़ी विदेशी कंपनी का मोबाइल व एक छोटी स्वदेशी कंपनी का मोबाइल अपने हाथों में रखने लग गया। हर आमंत्रण-निमंत्रण में जाने पर उसके फोटो लेता और अगले ही पल दनादन अपने सोशल मीडिया मंच पर अपलोड कर देता। ओर साथ में पंक्तियाँ लिखता कि “आज अच्छे आदमियों के साथ फलां साहब के यहां पहुंचकर आयोजन में गरिमामय उपस्थिति दर्ज की !”

सिर्फ़ इतने से ही मैं अच्छा आदमी नहीं बन पाया हूँ। इसके लिए मुझे बहुत त्याग व तपस्या करनी पड़ी है। अच्छा आदमी बनने के लिए मुझे अपने कार्यालय के भ्रष्टाचार समूह का सदस्य भी बनना पड़ा। उनके हर अच्छे बुरे कर्मों का भागीदार भी बना। अपने वरिष्ठ अधिकारी को खुश रखने के लिए उनके कहे हर काम को बगैर नानुकुर के किया। भ्रष्टाचार के धन को धीरे धीरे छूने से मैं अच्छा आदमी बन पाया। बड़े अधिकारी अब मुझे उनकी रात वाली पार्टियों में बगैर किसी डर के हँसते हँसते बुलाते हैं। पहले मेरे जैसे नकारा व बेकार आदमी के लिए इन पार्टियों में कोई स्थान नहीं था। पहले वे मुझ बुरे आदमी से दूरी बनाकर रहते थे। अब अच्छा आदमी बनने के कारण मेरे साथ सेल्फी लेते हैं।
             
              


अच्छा आदमी बनने की राह में मेरा सबसे ज्यादा प्रोत्साहन हमारे कार्यालय के बड़े बाबूजी ने बढ़ाया है। उन्होंने इससे पहले कितनों को ही अच्छा आदमी बना दिया है। किसी काम को कितनी ईमानदारी व कितनी बेईमानी से करना है, यह कला मुझे बड़े बाबूजी के मार्गदर्शन में ही सीखने को मिली। अब मैं हर सरकारी काम को बड़ी कुशलता से करने लग गया हूँ और हर उस आम आदमी की नजर में अच्छा आदमी बन गया, जो सरकारी व्यवस्था से पीड़ित हैं। पहले अधिकारी मुझसे चिढ़ते थे। शिकायती कहकर मेरा काम अटका देते थे। जब से अच्छे आदमी बनने के अटल मार्ग पर अग्रसर हुआ हूँ, सरकारी कार्यालय में मेरी फाईलें फर्राटे से दौड़ती है।

अच्छा आदमी बनना मेरे लिए मेरे आम जीवन के साथ ही घरेलू मामले में भी बहुत उपयोगी सिद्ध हुआ। जब से मैं अपने घर वालों की हर बात मानने लगा हूँ। जैसे घर की सब्जी लाने से लेकर गेहूं पिसाने, गैस सिलेंडर भरवाने, कचरा गाड़ी में सुबह जल्दी उठकर कचरा फेंकना आदि छोटे छोटे काम करके मैं अपने घर का अच्छा आदमी बन पाया। आप भी ऐसे घरेलू काम करके अपने घर में अच्छा आदमी बन सकते हो। अब मेरे परिवार के भी मुझे अपने घर का सबसे अच्छा आदमी कहने लगे हैं। जब से मैंने अपने घर के बच्चे से बुजुर्ग किसी भी सदस्य की कोई भी बात का बुरा मानना बंद कर दिया है, घर के सभी सदस्य मुझसे बड़ा खुश रहते हैं। अच्छा आदमी बनने की इस यात्रा में मेरे ही घर में मेरा कद बढ़ता जा रहा है। वहीं इस “नवोदित अच्छे आदमी” का अब अपने घर के बाहर भी वारे-न्यारे हो रहें हैं....!!



भूपेन्द्र भारतीय 
205, प्रगति नगर,सोनकच्छ,
जिला देवास, मध्यप्रदेश(455118)
मोब. 9926476410
मेल- bhupendrabhartiya1988@gmail.com 

Tuesday, May 17, 2022

विपक्ष का हल्ला बोल व पानी की बौछार....!!

 विपक्ष का हल्ला बोल व पानी की बौछार....!!

      

                          प्रजातंत्र इंदौर

कहाँ तो इस भीषण गर्मी में पानी पीने का नहीं मिल रहा है और पुलिस है कि विपक्ष के हल्ला बोल कार्यक्रम में विपक्ष के नेताओं को पानी की बौछार से रोक रही है ! जिस विपक्ष का पहले से ही पानी उतरा हुआ हो । भला उसपर बौछारें छोड़ना कहाँ की समझदारी है। अखबार में यह पढ़कर मैं पानी पानी हो गया। सरकार को मेरी ओर से धन्यवाद, बेचारे विपक्ष को “गर्मी से कुछ समय के लिए तो राहत मिली होगी।" हो सकता है विपक्ष की भी गर्मी कम हुई होगी ! पर पानी का ऐसा शस्त्र के रूप में उपयोग, क्या सत्तापक्ष के लिए शांति का कार्य कर रही पुलिस को यह सब शोभा देता है ? ऐसी गर्मी में विपक्ष का दिनदहाड़े हल्ला बोल व पुलिस का ऐसे बौछारें छोड़ना, ऐसे में मुझे तो लगता है इस भीषण गर्मी में भी “सब मिलें हुए हैं जी...!”

विपक्ष के हल्ला बोल आंदोलन में सरकार की तो गर्मी बढ़ सकती है लेकिन वहीं विपक्ष पानी की बौछारों का आनंद लेते दिखा ! मुझे तो आश्चर्य इस बात का है कि आम आदमी को पानी बड़ी मुश्किल से मिल पा रहा है लेकिन पुलिस के पास बौछारें छोड़ने का पानी कहाँ से आया ! ऐसे जल संकट समय में भी हमारे देश की पुलिस पानी की व्यवस्था कर सकती है, तो फिर बड़े-बड़े अपराधी भी आसानी से पकड़े जाना चाहिए। खैर, मुझे क्या ! यह पुलिस व अपराधियों का निजी मामला है। मैं उनके निजी मामले में बोलने वाला कौन। उनका चोर-सिपाही का खेल, वे खेले या फिर अपने अपने क्षेत्र में अपना-अपना काम ईमानदारी से करते रहे।

मुझे तो यह समझ नहीं आ रहा है कि जिस तीव्रता से किसी भी आंदोलन में पुलिस बिखरे हुए विपक्ष को तितर-बितर कर रही है, क्या हमारे लोकतांत्रिक देश में अब कभी विपक्ष एकजुट हो पाऐगा ? इस सवाल ने ही मेरे जैसे कनिष्ठ व्यंग्यकार के माथे की गर्मी बढ़ा रखी है। ऐसे में मैं सोच ही रहा था कि विपक्ष के किसी चिंतन शिविर में शामिल हो जाऊं। लेकिन मुझे संदेह है कि क्या विपक्ष वाले एक कनिष्ठ व्यंग्यकार को अपने वातानुकूलित किसी भी चिंतन शिविर में घुसने देगें। कल इसी दुविधा में अपने घर के ओटले पर बैठा ही था कि मेरे मित्र लचकराम जी कहीं से घुमते हुए आ गए। मैंने उससे पुछ लिया, यार लचकराम- यह पुलिस इस भीषण गर्मी में भी विपक्ष को पानी की बौछार से ही क्यों नियंत्रित करती हैं ? विपक्ष को तितरबितर करने का कोई ओर तरीका नहीं है ! पुलिस के पास ऐसी गर्मी में भी इतना पानी कहाँ से आता है ?
लचकराम बोला- तुम्हें पता नहीं है, पुलिस चाहे तो कुछ भी कर सकती है। “एक राज्य की पुलिस दूसरे राज्य की पुलिस को गिरफ्तार भी कर सकती है व स्वयं भी गिरफ्तार हो सकती हैं।” इन दिनों पुलिस महकमे में लोकतंत्र का अमृत महोत्सव चल रहा है। ‛फिर पानी जैसे द्रव्य की पुलिस के पास भला कोई कमी हो सकती है !' पुलिस चाहे तो एक घंटे में कितनों का ही पानी निचोड़ कर गंगा-जमुना बहा सकती है। और फिर यार ;- पुलिस के ऊपर जब भी सत्ता रूपी लॉ एंड आडर का हाथ होता है तो पुलिस में इंद्र देवता की शक्ति आ जाती है। वह लोकतंत्र की रक्षा व सरकार की कुर्सी की सुरक्षा के लिए विपक्ष को पानी की बौछारों से तितरबितर करती है। अपराधियों को पानी उतार पद्धति से नियत्रिंत करती हैं। इसमें पुलिस का कोई दोष नहीं है। यह सभी लोकतांत्रिक देशों में होता है।

आखिर में मैंने लचकराम से पूछा, पर आम आदमी के लिए इस भीषण गर्मी में पीने का पानी नहीं है और पुलिस है कि पानी का दुरुपयोग कर रही है ?
मित्र लचकराम जाते-जाते कह गया ;- आम आदमी की बात मत करो। तुम अभी कनिष्ठ व्यंग्यकार हो ! तुम पर एफआईआर हो जाऐगी। पुलिस व्यंग्य लिखना भुला देगीं। वहीं इस आम आदमी को भी पानी का महत्व इस भीषण गर्मी में ही पता चलता है, आम आदमी भी आजकल कम भला नहीं है। रही बात पुलिस की, वह तो पानी की बौछारों से लोकतंत्र की रक्षा कर रही हैं। लचकराम इतना कहकर चला गया। मैं वहीं अपने ओटले पर बैठे हुए, अपने ही माथे का पसीना पोछते हुए अब भी पुलिस, पानी की बौछारें व विपक्ष के किसी वातानुकूलित चिंतन शिविर की कल्पना में आम आदमी की तरह लू के थपेड़े खा रहा हूँ....!!


भूपेन्द्र भारतीय 
205, प्रगति नगर,सोनकच्छ,
जिला देवास, मध्यप्रदेश(455118)
मोब. 9926476410
मेल- bhupendrabhartiya1988@gmail.com 

Saturday, May 14, 2022

स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव में #क्रांतिदूत शृंखला:- भाग-०१ (झाँसी फाइल्स)

 स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव में #क्रांतिदूत शृंखला:- भाग-०१ (झाँसी फाइल्स)

         



क्रांतिदूत शृंखला के पहले भाग झाँसी फाइल्स में लेखक डॉ. मनीष श्रीवास्तव ने बड़े ही सरल व सहज कथामय शैली में क्रांतिकारियों के जीवन का रोचक चित्र खींचा है। इस झाँसी फाइल्स भाग में चंद्रशेखर से चंद्रशेखर आज़ाद बनने की ऐतिहासिक घटना को कथामय तरीक़े से प्रस्तुत किया गया है। अपने संगठन को कैसे चलाना व मास्टर जी का संगठन के लिए समर्पण पढ़कर पाठक चौंक जाऐगा। भारत की वर्तमान युवा पीढ़ी इस पहले भाग को ही पढ़कर समझ सकती है कि हमारे क्रांतिकारियों ने देश को अंग्रेजों से स्वतंत्र कराने के लिए क्या नहीं किया।

इस पहले ही भाग में ‛राष्ट्रशाला’ व ‛राष्ट्रशिक्षा’ जैसे शब्दों के माध्यम से “राष्ट्रवाद” का बहुत ही महत्वपूर्ण संदेश दिया गया है तथा राष्ट्रप्रेम व मातृभूमि के लिए अपना संपूर्ण जीवन कैसे भगतसिंह, चंद्रशेखर आज़ाद, सुखदेव, राजगुरु, मास्टर जी, भगवती आदि जैसे महान क्रांतिकारियों ने राष्ट्र को स्वतंत्र कराने के लिए लगा दिया। लेखक ने अपनी विशिष्ट कथन शैली से इन महान क्रांतिदूतों का अपने देश के लिए प्रेम व जुनून को बेहद सरल अंदाज में प्रस्तुत किया है।

जिस समय भारत “आजादी के अमृत महोत्सव” को बड़े ही गर्व से मना रहा हो ओर उसमें इस क्रांतिदूत शृंखला आना, बहुत ही अच्छा व महत्वपूर्ण साहित्यिक कार्य है। पहले भाग में ही इस बात की प्रबल संभावना दिख रही है कि यह शृंखला सफल होगी व आने वाली पीढ़ीयों को भी बड़े रोचक ढ़ंग से यह बताने में सफल रहेगी कि भारत को अंग्रेजों से स्वतंत्र कराना व उसके लिए संघर्ष करना कितना साहस का कार्य रहा था। कितने ही गुमनाम बलिदानीयों का माँ भारती को आजाद कराने में प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष योगदान रहा था।

इस पहले भाग को पढ़ने में आपको मुश्किल से दो घंटे भी नहीं लगते हैं। बेहद सरल भाषा व स्वतंत्रता का समर प्रवाहमय छोटे छोटे पाठों में क्रांतिदूत के पहले भाग झाँसी फाइल्स में लेखक लिखने में सफल रहे है। इसी झाँसी फाइल्स से मुझे पहली बार पता चला व मैं दावे के साथ कहना चाहूंगा कि बहुत कम पाठक जानते होगें कि “मास्टर रुद्रनारायण जी, जिनको बुंदेलखंड में भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का भीष्म पितामह कहा जाता है, झाँसी के सरस्वती पाठशाला में कला अध्यापक थे। इन्हीं मास्टर जी ने भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन को झाँसी से सदाशिव राव मलकापुरकर जी, भगवान दास माहौर जी, और विश्वनाथ गंगाधर वैशम्पायन जी जैसे शिष्यों से नवाजा था जिन्होंने आगे चलकर अंग्रेजों की नींद उड़ा कर रख दी थी।” क्या आप इन क्रांतिदूतो को जानते हैं ? ऐसे ही गुमनाम आजादी के दीवानों के बलिदान की रोचक ऐतिहासिक महत्व को लेखक ने यहां कथामय ढंग से सुंदर सरल भाषा में इस पुस्तक के माध्यम से पाठकों के लिए लिखा है।

भारत के स्वतंत्रता संग्राम व क्रांति का पहला बड़ा साक्षी झाँसी नगर भी रहा है। यही से 1857 की क्रांति की सबसे बड़ी नायिका झाँसी की रानी ने अंग्रेजों से जबरदस्त आजादी की लड़ाई लड़ी थी जो आज भी हमारे बच्चों को याद है लेकिन बहुत से ओर भी क्रांतिदूतो की कहानियां रही है जिनके साथ इतिहास न्याय नहीं कर पाया है। शायद इस क्रांतिदूत शृंखला से वह न्याय हो सकता है ऐसी मुझे उम्मीद इस शृंखला का पहला भाग झाँसी फाइल्स पढ़कर जगी है।

यह पहला भाग ११७ पृष्ठ में ही है लेकिन जब आप पृष्ठ ४२ पर अहिंसा व हिंसा का सरल अंतर पढ़ेंगे तो आपको इस शृंखला को पढ़ने का ओर मन होगा और यह भी पता चलेगा कि आजादी सिर्फ़ अहिंसा के द्वारा ही नहीं मिली है। इसके लिए लाखों क्रांतिकारीयों ने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र के लिए बलिदान कर दिया। इसका ही ब्रह्मचारी वाला पाठ बड़ा ही रोचक है। वर्तमान में जिस रफ्तार से हर कोई हर छोटी मोटी घटना पर फोटो व विडियों बनाता रहता है उस काल में क्रांतिकारी अपने लक्ष्य के लिए अपना पूरा जीवन ही गुमनामी में राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए बलिदान कर देते थे।

      


स्वतंत्रता संग्राम के ऐसे कितने ही रोचक ऐतिहासिक तथ्य इस पुस्तक के माध्यम से लेखक ने बताये है। इस पहले भाग के अंत में लेखक ने कई महत्वपूर्ण पुस्तकों की सूची दी है जिनके माध्यम से यह पुस्तक लिखी गई व इस विषय को समझने के लिए पाठक ओर विस्तार से इन्हें पढ़ सकता है। अंत में यही कहना चाहूंगा कि क्रांतिदूत के आने वाले भागों में लेखक की जिम्मेदारी ओर बढ़ गई है। यह शृंखला निरंतर चलते रहना चाहिए। युवा भारत इसे जरूर पढ़े। लेखक की बुंदेलखंड से बाली तक की यात्रा के बाद अब इस महत्वपूर्ण व ऐतिहासिक क्रांतिदूत यात्रा के लिए शुभकामनाएं व बधाई।
जय हिंद


पुस्तक : क्रांतिदूत (भाग-1) झाँसी फाइल्स
लेखक: डॉ. मनीष श्रीवास्तव
प्रकाशक : सर्व भाषा ट्रस्ट
मूल्य : 150


समीक्षक
भूपेन्द्र भारतीय 
205, प्रगति नगर,सोनकच्छ,
जिला देवास, मध्यप्रदेश(455118)
मोब. 9926476410
मेल- bhupendrabhartiya1988@gmail.com 

Monday, May 9, 2022

बाहरी दुनिया से दूर रहना भी जरूरी है....

 बाहरी दुनिया से दूर रहना भी जरूरी है....



                   जनसत्ता 

ज्यादा नजदीकी कभी कभी दूरियां बढ़ा देती हैं। बहुत सी चीजें दूर से बहुत सुंदर व आकर्षक लगती हैं। लेकिन जैसे ही हम उसके पास जाते है वह व्यक्ति, पशु-पक्षी, कोई चीज, दृश्य आदि हमें उतना आकर्षक नहीं लगता जितना वह हमें दूर से लग रहा था। जैसे कोई इंसान कभी कभी मिलता है तो अच्छा लगता है, लेकिन रोज रोज मिलने से उसके साथ अच्छा नहीं लगता। वैसे ही जैसे किसी के घर कभी कभी जाओं तो ठीक रहता है लेकिन घड़ी घड़ी जाने से वह व्यक्ति आपका उतना सम्मान नहीं करेगा। क्यों ? क्योंकि यह मानव का प्राकृतिक स्वभाव है कि वह एक सी चीजों व मानव व्यवहार से बहुत जल्दी बोरियत महसूस करने लगता है। वहीं आधुनिक भौतिकवादी जीवन के कारण मानव दिनोंदिन चिड़चिड़ा व एकाकी होता जा रहा है। इसलिए व्यक्ति को बाहरी दुनिया की यात्रा के बजाय कभी कभी अपने जीवन में आंतरिक यात्रा भी करना चाहिए। जिससे कि वह अच्छे से अपना स्वयं का बेहतर मूल्यांकन कर सकें।

बाहर की या कहें कि भौतिक दुनिया को जानने के साथ-साथ ही उसे अपने आप को भी जानना समझना चाहिए। बाहरी दुनिया से एक निश्चित व सामान्य दूरी बनाये रखते हुए मानव को अपनी आत्मा व मन के अधिक नजदीक रहना चाहिए। उसे योग, स्वाध्याय, ध्यान आदि के माध्यम से अपने आप के पास भी रहना चाहिए। अधिकांश शास्त्रों में कहा गया है कि मानव के अंदर ही सारा ब्रह्मांड है, यदि वह बाह्य दुनिया के झूठे आकर्षण में नहीं फंसे तो। शायद इसे ही विद्वानों ने स्व की खोज कहा है। पुरूष से पुरूषोत्तम बनने की यात्रा में स्वयं को अच्छे से जानना बहुत जरुरी है।

इस आंतरिक यात्रा पर अधिकांश ऐतिहासिक ग्रंथों ने विस्तार से कहा है। सनातन व भारतीय संस्कृति में तो कितने ही ऋषि मुनियों व विद्वानों ने अपना संपूर्ण जीवन इस आंतरिक यात्रा के चरम बिंदुओं पर पहुंचने के लिए तपस्या व योग करते हुए व्यतीत कर दिया। जितने भी धर्म, पंथ, विचारधाराओं के सच्चे अनुयायी रहें हैं उन्होंने सबसे पहले योग, ध्यान व स्वाध्याय के माध्यम से ज्ञान व सत्य की प्राप्ति इसी आंतरिक यात्रा के माध्यम से की है।

वर्तमान में भौतिकता के मोहपाश के कारण हर कोई अपने आप को ही नहीं समझ पा रहा है। अधिकांश लोगों को उनके जीवन का ना तो उद्देश्य पता है और न ही अपना लक्ष्य । वर्तमान युवा पीढ़ी सोशल मीडिया, मोबाइल व भौतिक सुख सुविधा युक्त साधनों की संपन्नता को ही जीवन का अंतिम सत्य व लक्ष्य मान रही है। उसने प्रकृति व स्वयं से अपने आप का संबंध विच्छेद कर लिया है। वर्तमान युवाओं का मन बाहरी दुनिया के झूठे आकर्षण में ऐसा फंस गया है कि छोटी छोटी बातों व संघर्षों के आगे हारकर व हताश होकर वह आत्महत्या करने लग गया है। ऐसे में यह बहुत जरुरी हो गया है कि व्यक्ति सबसे पहले वर्तमान दुनिया के बाहरी आवरण से बाहर निकले व सबसे पहले स्वयं को पहचाने। अपने स्व की खोज करें। व्यवहारिक ज्ञान व जीवन के अनुभव को जानने तथा सीखने की कोशिश करें। वह सिर्फ़ ध्यान, योग, स्वाध्याय तथा अपने हिस्से में आये कर्म को करके ही प्राप्त किया जा सकता है।

अतः व्यक्ति अपने दैनिक जीवन में कुछ समय स्वयं के लिए जरूर निकाले। स्वयं को जानने के लिए वह योग, स्वाध्याय, ध्यान, प्रातःकाल लंबा घुमना, सामाजिक संबंधों में मधुरता रखना, प्रकृति के समीप रहकर आदि क्रियाएं करके वह अपने मन को शांत कर सकता है। और इस शांत मन के समय में ही उसे सहजता से आत्मचिंतन के द्वारा उसे अपने जीवन का उद्देश्य व लक्ष्य आसानी से पता चल सकता है। वर्तमान की भागदौड़ भरी जिंदगी में ये शांत पल ही मानव के लिए बाहरी दुनिया के भौतिकवादी जाल से बाहर निकलने का सबसे आसान तरीका है।



भूपेन्द्र भारतीय 
205, प्रगति नगर,सोनकच्छ,
जिला देवास, मध्यप्रदेश(455118)
मोब. 9926476410
मेल- bhupendrabhartiya1988@gmail.com
ब्लॉग- bhupendrabhartiya1988.blogspot.com

हिंदू उत्ताराधिकार विधि पर पुनर्विचार हो....

हिंदू संस्कृति व समाज व्यवस्था में दो सबसे महत्वपूर्ण संस्था है पहली परिवार व दूसरी विवाह। पहला हिन्दू परिवार कब बना होगा यह अनंत व अनादि का...