Saturday, January 7, 2023

भय्या रिचार्ज होकर फिर आये.....!!

 भय्या रिचार्ज होकर फिर आये.....!!

             



आखिर भय्या एक लंबी यात्रा से रिचार्ज होकर फिर नई यात्रा के लिए आ गए। इस लंबी यात्रा में भय्या को कई नये अनुभव हुए। भय्या ने पहली बार अपने क्षेत्र से निकलकर दूसरे क्षेत्र का विकास देखा। इस यात्रा में भय्या ने पहली बार जाना कि उन्हें तो बहुत कुछ पता नहीं था। उन्हें तो अब भी बहुत कुछ जानना है। उनके सत्ता में ना होने पर भी विकास हो रहा है। विकास अपनी यात्रा में दौड़ लगा रहा है।
एक लंबी युवा उम्र के बाद भी भय्या को अभी ओर युवा रहना है। दक्षिण भारत की अपनी इस यात्रा में भय्या एक जोड़ी कपड़ें में यात्रा पूर्ण करते है। उनका अपना एक ड्रेस कोड है। वे अपनी इस यात्रा को यात्रा नहीं, मिशन बताते है। वे यात्रा में हर एक सहयात्री से गले मिल रहे हैं और वहीं इस मेलजोल भरी मोहब्बत को मिडिया गले पड़ना बता रहा है !

अपनी यात्रा में भय्या हर पल जोर-जोर से हाथ हिलाते चलते हैं। बीच-बीच में वे दौड़ने का भी अभ्यास करते हुए दिख जाते है। उनकी यात्रा में हर पड़ाव पर राजनीतिक प्रवासी पक्षी भी देखे जा सकते हैं। भय्या उनसे गले पड़ते हुए गंभीर हो कर बुद्धिजीवीयों जैसी बातें करते-करते चलते है। भय्या की यात्रा में बड़े-बड़े अभिनेता-अभिनेत्रियां भी देखे जा सकते है। भय्या ने यात्रा के लिए अपना विशेष रुप बनाया है। वामपंथियों जैसी खिचड़ी दाढ़ी का विशेष सृजन किया है। वे यात्रा में बुद्धिजीवीयों जैसा अवतार लिये चलते है। चाचा नेहरू की तरह वे बच्चों से बात करते है। उन्हें यात्रा में शामिल करते है। उनके साथ सड़क पर फुटबॉल खेलते है। उन्हें गोद में लेते है। जैसे बच्चों में एक बच्चा खूब रंग जमाता है। यात्रा में कभी भावुकता , तो कभी करूणा का बघार लगता है। यह सब समाचार चैनल वाले रूक-रूक कर बताते हैं। भय्या की यात्रा में बहुत कुछ जोड़-घटाव चल रहा है...!

यात्रा के माध्यम से कुछ जोड़ने की बात की जाती है ! लेकिन पीछे-पीछे भय्या का दल टुटता जा रहा है। कई का दिल भी। हो सकता है इससे उनके मन में खरोंच भी आई हो। भय्या को इसका कोई मलाल नहीं है। वे अपने मिशन पर सतत आगे बढ़ते जा रहे है। वे एक जोड़ी कपड़े में मोहब्बत की बात करते है। उनका कहना है कि नफरत के माहौल में वे मोहब्बत की यात्रा पर है। “भय्या इस यात्रा के माध्यम से राजनीति में रिचार्ज होना चाहते है। लेकिन वे अपने ही बयानों से बार-बार डिस्चार्ज हो जाते है।” उनकी राजनीतिक यात्रा को रिचार्ज करने में अब तक कितनी ही बेटरीयां डिस्चार्ज हो गई हैं।

भय्या अपनी लंबी यात्रा के बाद कुछ दिन अवकाश भी लेते है। अवकाश लेने की भय्या की यह बहुत पुरानी आदत है। पहले बच्चे गर्मियों की छुट्टी में दादी-नानी के यहां जाते थे । लेकिन भय्या अवकाश लेकर सिर्फ़ अपनी नानी के पास अवकाश का आनंद लेने जाते है। उनके इस राजनीतिक अवकाश पर कई यात्रीयों की राजनीति अवकाश पर चली जाती हैं। उनकी कक्षा का परिणाम बिगड़ जाता है, पर उन्हें अपनी यात्रा की ही चिंता होती है।
कितने ही राजनीतिक प्रवासी नेताओं की राजनीति बिगड़ जाती हैं। लेकिन जैसे ही भय्या अवकाश से रिचार्ज होकर आते है। यात्रा में जोश आ जाता है। फिर तो वे सर्दी-गर्मी-बरसात सबसे भीड़ जाते है। उनके सामने कोई नहीं ठहरता है। वे मोहब्बत का भाषण देते है। फिर गले मिलने व प्यार लुटाने की यात्रा आगे बढ़ती है। फिर नये-नये राजनीतिक प्रवासी पक्षी यात्रा में शामिल होने लगते हैं। अपने मूल प्रवास से उनके द्वारा लाये गए वैचारिक खाद-पानी का असर यात्रा में दिखता है। इस सर्दी में भय्या अपनी यात्रा में राजनीतिक रोटी सेंकने के लिए राजनीतिक गर्मी का आह्वान करते है। लेकिन भय्या की यात्रा के भूतकाल के बर्फीले तूफान यात्रा में गर्मी का माहौल बनना मुश्किल लगता है। लगता है भय्या के लिए उत्तर से दक्षिण की ओर यात्रा करना ही लिखा है। देखते हैं यह यात्रा कब तक चलती है....!!


भूपेन्द्र भारतीय 
205, प्रगति नगर,सोनकच्छ,
जिला देवास, मध्यप्रदेश(455118)
मोब. 9926476410
मेल- bhupendrabhartiya1988@gmail.com 

Saturday, December 24, 2022

कबीरा खड़ा बाजार में और हाथ में मोबाइल....!!

 कबीरा खड़ा बाजार में और हाथ में मोबाइल....!!

     



वर्तमान का सबसे बड़ा शस्त्र मोबाइल बन गया है। यह मैं ही नहीं, पूरी दुनिया जानती हैं। यहां तक कि बच्चें-बच्चें को पता है। वैसे यह शस्त्र, शास्त्र के रूप में भी उपयोग हो सकता है और होता भी है। लेकिन इसके लिए कबीरा का मुड होना चाहिए। कबीरा का मुड नहीं हुआ तो वह उसके लिए एक खिलौने के अलावा कुछ नहीं। वह बस दिनभर इससे खेलता ही रहता है।

आज बाजार कहाँ नहीं है ? हर तरफ बाजार जमा है। और जहाँ बाजार है कबीरा वहीं खड़ा है। वास्तव में कबीरा के मोबाइल में ही बाजार घुस गया है। अब मोबाइल मतलब बाजार ही होता है। सुबह की महत्वपूर्ण जरूरत टूथपेस्ट से लेकर रात तक की सभी जरूरतों के लिए कबीरा के हाथ में बाजार है। इस बाजार के बीचोंबीच कबीरा खड़ा है। वह बाजार में क्यों खड़ा है यह सिर्फ़ कबीरा को ही पता है। यहां तक कि बाजार कबीरा के मोबाइल में घुस गया है या फिर कबीरा बाजार में घुसा है यह शोध ही नहीं, रहस्य का विषय बनता जा रहा है ! वहीं कबीरा मानता है कि बाजार को वह अपनी जेब में लेकर चलता है। जब चाहे तब कबीरा बाजार को अपनी ऊंगलियों पर नचा सकता है। बाजार के तमाम मंचों के लिए कबीरा बीच बाजार हाथ में मोबाइल लिये खड़ा है।

कबीरा बाजार में खड़ा है यह आश्चर्य का विषय नहीं है। वह तो लंबे समय से खड़ा है लेकिन वह अब हाथ में मोबाइल लिये खड़ा है। यह विचार करने का विषय है। उसके हाथ में मोबाइल है। लेकिन लगता है वह दुनिया मुठ्ठी में करके के खड़ा है। बाजार के हर भाव का निर्णय कबीरा के हाथ में है। कानून के हाथ से लंबा हाथ कबीरा का हो गया है। कबीरा बाजार को कहीं से भी छू सकता है और गुलज़ार कर सकता है। सेंसेक्स का उतार चढ़ाव हो या फिर किसी विरोध के लिए ट्विटर ट्रेंड हो ! कबीरा खड़े-खड़े बाजार को धड़ाम कर सकता है।
         
      


कबीरा के हाथ अब सृजन व विध्वंस दोनों के लिए उतारूं रहते हैं। कबीरा का यह शस्त्र परमाणु हथियारों से भी खतरनाक होता जा रहा है। लोकतंत्र तक कबीरा के शस्त्र से डरता है। कबीरा बाजार में खड़े-खड़े किसी भी सरकार को बना-बिगाड़ सकता है। सबको लगता है कि कबीरा सिर्फ़ खड़ा है। लेकिन वह मोबाइल में बहुत कुछ चला व बना रहा है। वह खड़े -खड़े चलता है। वह अपने इस शस्त्र से दुनिया को कभी बनाता है तो कभी मिटाने पर भी तुल जाता है। वह मोबाइल चलाते-चलाते दुनिया चलाने सीख रहा है। अब समझ आया कि “कर लो दुनिया मुठ्ठी में, विज्ञापन उसके लिए ही बना था।"

पहले कबीरा जीवन मूल्य बुनने का कार्य करता था। वहीं आज का कबीरा रील-वीडियो बुनता है। आज कबीर वाणी, कबीरा स्वयं सुनता है। अपने कानों में अपने मोबाइल का ही राग-मोबाईली संगीत सुनना पसंद करता है। उसे किसी से कोई लेना देना नहीं है। उसके एक तरफ घर है और दूसरी ओर घाट। वह घर व घाट दोनों पर खड़ा है। वह बाजार में खड़े-खड़े मस्त ऊंगलियां चलाता है। भले कबीरा कहीं भी खड़ा हो और कोई भी उसके आसपास से आया-गया हो, वह अपने मोबाइल के साथ ध्यान अवस्था में बीच बाजार में खड़े साधना कर रहा है।


भूपेन्द्र भारतीय 
205, प्रगति नगर,सोनकच्छ,
जिला देवास, मध्यप्रदेश(455118)
मोब. 9926476410
मेल- bhupendrabhartiya1988@gmail.com 

Saturday, December 10, 2022

ईवीएम की प्रचंड जीत....!!

 ईवीएम की प्रचंड जीत....!!

      



आखिर ईवीएम की प्रचंड जीत का सपना सच हो ही गया। उसने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास जीत ही लिया। इस बेचारी ईवीएम को क्या नहीं कहा गया ? उसे क्या-क्या नहीं सहना पड़ा ! विगत दो दशकों से उसे मुन्नी से भी ज्यादा बदनाम किया जा रहा था। जिस तरह नयी नयी बहु के हर काम में मीनमेख निकाला जाता है विगत एक दशक से ईवीएम प्रताड़ित हो रही थी। आखिर उसके सास-ससुर लोकतंत्र की मेहरबानी उसपर भी हो ही गई और उसे जनतंत्र में जीत का स्वाद चखने का अवसर मिल गया। लंबी बदनामी के बाद ईवीएम को किसी तरह के आरोप-प्रत्यारोप का सामना नहीं करना पड़ा।

इस बार के तीन राज्यों के चुनावी परिणामों से लोकतंत्र के तीनों स्तंभ भी चैन की साँस ले रहे है। लोकतंत्र भी इस बार बदनाम होने से बच गया। असहिष्णुता व ध्रुवीकरण जैसे राग दरबारी राग किसी टीवी बहस में सुनने को नहीं मिले। हर दल अपनी अपनी जीत में मगन है। मतदाता भी तन कर कह रहा है कि देखा कैसे सबको खुश कर दिया ! ‛भले बाद में ये तीनों मिलकर उसपर हँस रहे होगें।’ लोकतांत्रिक व्यवस्था में बहुत कम बार ऐसा हुआ कि मतदाताओं ने भी चमत्कार किया हो ओर वह भी लोकतांत्रिक पद्धति द्वारा।
 
   


लेकिन कुछ भी कहो इन चुनावों में ईवीएम की प्रचंड जीत तो हुई है। कुछ दलों द्वारा उसकी विश्वनीयता लंबे समय से संदिग्ध माना जा रही थी। जब से ईवीएम से चुनाव हो रहे है, हारने वाला अपनी हार का ठिकरा ईवीएम पर ही फोड़ता आ रहा है। पहली बार किसी भी पार्टी प्रवक्ता के मुँह से एक गलत शब्द ईवीएम के चरित्र पर नहीं निकला। ईवीएम लंबी उम्र के बाद अब चैन की साँस लेकर अपने आप पर गर्व कर सकती है। लगता है वह जवानी की दहलीज पर पहुंच गई है।
ऐसा ही चलता रहा तो हो सकता है कि आगे चलकर साहित्यिक व सहकारिता संगठनों के चुनाव भी ईवीएम से हो। पुरस्कारों का चयन भी ईवीएम के माध्यम से होना शुरू हो जाये और पुरस्कारों की रेवड़ी बटना बंद हो।

अब ईवीएम हमारे लोकतंत्र में सुरक्षित है। आगे किसी भी तरह के चुनाव करवाने के लिए वह प्रथम पसंद मानी जाऐगी। शहरों के महिला क्लबों के चुनाव के लिए भी अब ईवीएम पर भरोसा किया जा सकता है। कोई बड़ी बात नहीं कि आगे चलकर वर-वधु के जोड़े बनाने का भार भी ईवीएम के कंधों पर आ जाए।

ईवीएम अब सेटिंग का विषय नहीं रहेगी। उसे कोई शक की नजर से भी नहीं देखेगा। हर मतदाता पूरे आत्मविश्वास व बगैर किसी लघु-दीर्घ शंका के ईवीएम का बटन दबाने घर-घर से निकलेगा। लोकतंत्र की समृद्धि के लिए घर-घर से ज्यादा से ज्यादा मतदाता निकलेगें। ईवीएम के लिए कितना बड़ा गौरवमयी समय रहेगा।
अब तो लोकतांत्रिक व्यवस्था की स्वच्छता सूची में ईवीएम का नंबर भी स्वर्ण अक्षरों से लिखा जा सकता है। एग्जिट पोल वाले भी ईवीएम के परिणामों से खुश हैं। वैसे उन्होंने अपने सर्वे को ही श्रेष्ठ बताया और ब्रेकिंग न्यूज़ में यही धमाका करते रहे कि “हमारे चुनावी रूझानों ने ईवीएम की विश्वनीयता पर भी मोहर लगा दी है...!” किसी धाकड़ एंकर ने ईवीएम के परिणामों पर कोई पलटवार नहीं किया। सभी राजनीतिक दल भी खुशी-खुशी अपनी ही पार्टी द्वारा आर्डर किये लड्डू से अपना ही मुँह मीठा कर रहे हैं। ईवीएम की इस प्रचंड जीत पर लोकतंत्र में खुशी की लहर चल रही है। हो सकता है अगले गणतंत्र दिवस की परेड में लोकपथ पर ईवीएम की झांकी से सर्वदलीय खुशी देखी जा सकती हो। हो सकता है भारत के सबसे वयोवृद्ध राजनीतिक दल अपने अगले अध्यक्ष के चुनाव के लिए ईवीएम से ही मतदान करवाये। देखना यह है कि ईवीएम को मिली यह प्रचंड बहुमत वाली जीत कितने दिनों तक सुरक्षित रहेगी और कबतक राजनीतिक लांछन से बच पाती है....!!



भूपेन्द्र भारतीय 
205, प्रगति नगर,सोनकच्छ,
जिला देवास, मध्यप्रदेश(455118)
मोब. 9926476410
मेल- bhupendrabhartiya1988@gmail.com 

Sunday, December 4, 2022

अध्यक्षीय भाषण....!!

 अध्यक्षीय भाषण....!!

   
      



वे बोलने में शुरू से तेज है। बचपन से बोलते-बोलते वे कब भाषण देने की अवस्था में आ गए, उन्हें ही नहीं पता चला ! इन दिनों वे भाषण तो देते है लेकिन वे हर विषय पर भाषण दे सकते है। धारा प्रवाह दे सकते है। उनके बोल दिनोंदिन ओजस्वी भाषण होते जा रहे है। पहले उन्हें सिर्फ़ उनकी कॉलोनी व नजदीकी विद्यालयों में ही भाषण देने बुलाया जाता था । लेकिन आजकल उन्हें सरकारी आयोजनों में भी भाषण देने के लिए बुलाया जाता है। निमंत्रण पत्र में उनके नाम के आगे “अध्यक्षता” शब्द ना हो, तो वे उस कार्यक्रम में नहीं जाते। इस कारण उन्होंने इन दिनों अपना मीटर अब अध्यक्षीय भाषण के अनुसार ही तय कर लिया है।

उनका अध्यक्षीय भाषण हर विषय पर धाराप्रवाह रहता है। हर भाषण में कहीं ऐसा नहीं लगता है कि कुछ नया कहा जा रहा है। सुनने वाले हर सभा में सहज ही रहते हैं। उन्हें अपनी बुद्धि पर जोर भी नहीं लगाना पड़ता है। श्रोतागण उनकी सभा में रात्रि के तिसरे-पहर की निंद का आनंद लेते हैं। आयोजन कर्ता से श्रोतागण निवेदन करते हैं कि उन्हें अगले आयोजन में भी अध्यक्षीय भाषण के लिए आमंत्रित करें ! नगर में बच्चों को भी उनका भाषण रटा गया है। कुछ बच्चें तो उनके भाषण शुरू होने से पहले ही उनकी कालजयी पंक्तियों का वाचन शुरू कर देते हैं। वे अपने नगर के रेडीमेड अध्यक्ष मान लिये गए है। कितनी ही आयोजन समितियाँ व संगठन इसके कारण आसानी से समाज कार्य के माध्यम से उनके नगर का कल्याण कर रही हैं। वे इसके कारण ही अपने आप को गौरवान्वित महसूस करते है। उन्हें लगता है, नगर के विकास का भार उनके ही कंधों पर है !

उनके इस अध्यक्षीय भाषण से समाचार पत्रों व टीवी चैनलों को भी सुविधा रहती हैं कि उन्हें अपने विशेषांक विचार पृष्ठ पर ज्यादा मेहनत नहीं करना पड़ती हैं। उनके भाषणों को सुनने वाले लाखों-करोड़ों में है। वे सभी जानते हैं कि इनके भाषणों का सार क्या है। वे अपने अध्यक्षीय भाषणों में कुरुक्षेत्र में खड़े श्रीकृष्ण की तरह विश्वरूप वाली आभा में रहते है। कितने ही श्रोतागण उनकी कांति व तेज से मंत्रमुग्ध हो जाते हैं। उनके भाषण पर वाह-वाह से सभा मंडल का वातावरण किसी चक्रवर्ती सम्राट की राजसभा जैसा हो जाता है। सभा का हर श्रोता अपने आप को भाग्यशाली समझता है। उसे लगता है जैसे वह देववाणी सुन रहा है। वह अनुभव करता है कि उसने अपने जीवन का संपूर्ण पूण्य रस प्राप्त कर लिया है !

वे अपनी इस कला के माध्यम से साहित्य जगत में भी सम्माननीय है। बड़े-बड़े साहित्यकार उन्हें अध्यक्षीय भाषण के लिए बुलाते हैं और अपनी रचनाओं का पाठ भी उनसे ही करवाते हैं। लेखक अपनी ही रचनाओं का रस लेते हैं और अध्यक्ष यश प्राप्त करते है। अपने अध्यक्षीय भाषणों से उन्होंने साहित्य की कितनी ही मरणासन्न अवस्था में पहुंच गई पत्रिकाओं को जीवनदान प्रदान किया है। अपने भाषणों में वे अक्सर साहित्य सेवा की बातें करते हैं। साहित्यकारों ने भी उन्हें सच्चा साहित्य सेवक मान लिया है। इस सेवा से प्रभावित होकर कई साहित्यिक संस्थाओं ने उन्हें सम्मानित किया है। अब तो उन्हें लिटरेचर-फेस्टिवलों में भी अध्यक्षीय भाषण देने बुलाया जाता है। इन फेस्टिवलों में अधिक अध्यक्षता करने से उनका वजन दिनोंदिन बढ़ता जा रहा है और उनके भाषण का वजन कम होता जा रहा है। यह चिंता उन्हें कभी-कभी चिंतित करती है !
            
              


जीवन की प्रौढ़ बेला में ही उन्होंने सफेदी की झंकार प्राप्त कर ली है। वे यह चाहते भी थे। जनता उन्हें अध्यक्ष की उम्र के लायक जो समझे। आखिर अध्यक्ष के तौर पर दिनोंदिन उनकी पहचान बढ़ती जा रही है। अब तो उन्हें अपने राज्य की राजधानी में भी अध्यक्षीय भाषण के लिए बुलाया जाने लगा है। उन्होंने उसके लिए अलग से महँगे कपड़े बनवा लिये है। लिट-फेस्टिवल का बजट देखते हुए लगता है अग्रिम मानदेय मिला गया हो ! वे यही रूकने वाले नहीं है। उनका सपना है कि वे एक दिन राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में भी “#अध्यक्षीय_भाषण” के लिए आयोजकों की सबसे पहली पसंद बने....!!


भूपेन्द्र भारतीय 
205, प्रगति नगर,सोनकच्छ,
जिला देवास, मध्यप्रदेश(455118)
मोब. 9926476410
मेल- bhupendrabhartiya1988@gmail.com 

Saturday, December 3, 2022

।। जिंदगी की बात संस्कृत के साथ ।।

 ।। जिंदगी की बात संस्कृत के साथ ।।

      



युवा लेखक व स्तंभकार शिवेश प्रताप जी की यह पुस्तक संस्कृत वांग्मय के समृद्धशाली साहित्य से परिचय करवाती है। करीब 37 पाठ में अलग अलग विषयों पर यह संग्रहणीय पुस्तक लिखी गई है। जीवन से जुड़ी कठिनाइयों के लिए संस्कृत साहित्य में उपलब्ध मोतियों को चुन-चुनकर यहां इस पुस्तक में जीवन प्रबंधन के लिए पाठकों के लिए लाया गया है।

इस पुस्तक में अभय, ईश्वर, उद्यम, एकता, कर्म, काल, गुरु महिमा, चरित्र पूजन, ज्ञान, दया, धर्म, प्रेम, परोपकार, संतोष, मन, मित्रता आदि विषयों के गहरे अर्थ संस्कृत साहित्य के माध्यम से समझाये गए हैं। लेखक ने हर पाठ के शुरुआत में सुंदर व सरल व्याख्या की व आगे श्लोकों के माध्यम से उस विषय पर व्यवहारिक प्रकाश डाला है। उदाहरण के लिए एकता का महत्व बताते हुए यहां पारिवारिक एकता का महत्व बताने के लिए एकता पाठ के अंतिम श्लोक को पढ़ा जा सकता है;-
संहतिः श्रेयसी पुंसां स्वकुलैरल्पकैरपि ।
तुषेणापि परित्यक्ता न प्ररोहन्ति तण्डुलाः ।।

इसी तरह से कर्म पर मानस में तुलसीदास जी के माध्यम लेखक ने कर्म का महत्व बताया है, ‘कर्म प्रधान विश्व रचि राखा, जो जस करहि सो तस फल चाखा।’

इस पुस्तक में लेखक के द्वारा संस्कृत व भारतीय मानस के विशाल साहित्य से उच्च कोटि के मोतियों रूपी श्लोकों को चुन चुनकर इस पुस्तक को जीवन प्रबंध के लिए श्रेष्ठ कार्य किया गया है। कहीं से भी इस पुस्तक को पढ़ा जा सकता है। हर वाक्य व श्लोक मानवीय जीवन व संघर्ष के लिए प्रेरणादायक है। सामान्य पाठक व युवाओं को इस पुस्तक को जरूर पढ़ना चाहिए व वह जब भी जीवन के संघर्षों से घीरे तो यह पुस्तक उसके लिए मददगार हो सकती है। एक संग्रहणीय पुस्तक की रचना लेखक ने की है। संस्कृत साहित्य से इतने श्लोक चुनने व उन्हें अर्थ सहित विभिन्न पाठों में सम्मिलित करना एक चुनौतीपूर्ण कार्य है जिसे शिवेश जी ने बहुत कम आयु में पूर्ण किया है। जिससे उनकी लेखकीय क्षमता व जीवन प्रबंधन की स्पष्ट झलक दिखती हैं।
       

 

जैसा कि पुस्तक के प्रथम पृष्ठ पर ही पुस्तक के विषय में लिखा है कि ‛जीवन आधारित वैचारिक लेखों व संस्कृत श्लोकों द्वारा सम्यक चिंतन व उत्कृष्ट जीवन जीने की प्रेरणा देती एक बेहतरीन तथा संग्रहणीय पुस्तक’ में को अतिश्योक्ति नहीं है। यह हर युवा के लिए श्रेष्ठ पुस्तक है। आज की युवा पीढ़ी को इस पुस्तक का स्वागत करना चाहिए व पढ़ना चाहिए। आज के विश्वविद्यालयों में इस तरह की पुस्तके अधिक से अधिक मात्रा में होना चाहिए।

इस पुस्तक में लेखक संस्कृत भाषा व साहित्य का भी महत्व बता रहे है और वर्तमान जीवन के लिए उसकी उपयोगिता भी। व्यक्तित्व निर्माण के लिए आजकल कस्बों व शहरों में बड़ी बड़ी कोचिंग चल रही है और उनमें मोटी मोटी फीस ली जाती है। यहां इस पुस्तक में आप पाठ 31 में इस विषय पर गहराई से व सरलता से व्यक्तित्व निर्माण पर पढ़ सकते हैं। लेखक ने बताया है कि हमारे यहां संस्कृत भाषा में इस विषय पर हजारों वर्षों पहले बहुत कुछ लिखा जा चुका है। बस इस समृद्धशाली संस्कृत साहित्य को वर्तमान युवा पीढ़ी के बीच लाना है। किसी पश्चिमी विचारधारा वाले कोचिंग संस्थान की ओर देखने की जरूरत नहीं है।

ऐसे ही रोचक व प्रेरणादायक विचार, लेख, श्लोक आदि से परिपूर्ण यह पुस्तक हर लेखक व जिज्ञासु पाठक को पढ़ना चाहिए। यह पुस्तक उपहार स्वरूप देने के लिए भी महत्वपूर्ण उदाहरण है। बाकी आप जब इस पुस्तक को पढ़ेंगे तो ओर भी महत्वपूर्ण व प्रेरणादायक बातें यहां पाऐंगे। व्यक्तित्व निर्माण व जीवन प्रबंधन के लिए यह पुस्तक उच्च कोटि के मानकों पर खरा उतरती है।



पुस्तक : जिंदगी की बात संस्कृत के साथ
लेखक: शिवेश प्रताप
प्रकाशक : ब्लूरोज प्रकाशन
मूल्य : 300


समीक्षक
भूपेन्द्र भारतीय 
205, प्रगति नगर,सोनकच्छ,
जिला देवास, मध्यप्रदेश(455118)
मोब. 9926476410
मेल- bhupendrabhartiya1988@gmail.com 

Saturday, November 19, 2022

आम आदमी बनने की वंदनीय यात्रा....!!

 आम आदमी बनने की वंदनीय यात्रा....!!

       



आखिरकार लंबी उठापटक के बाद प्रशासनिक शल्यचिकित्सा हो ही गई। होना ही थी, वे एक क्षेत्र में सेवा कर-करके थक जो चुके थे। वे जब भी कही सेवा में होते हैं, उस क्षेत्र में विकास की गंगा बहा देते हैं। सौ-छल मीडिया से दौरे पर दौर करते हैं। वे यह गंगा अपने कार्यालय में बैठकर ही पूरे क्षेत्र में बहाते हैं। सरकार का इंधन जो इससे बचता है। ऐसे ही इन दिनों वे सौछल मीडिया से सेवा की गंगा बहा रहे हैं।
उनका जब भी एक क्षेत्र से दूसरे में स्थानांतरण होता है, उस क्षेत्र में स्वागत, वंदन, अभिनंदन...की होड़ लग जाती हैं। उनकी सेवा का फल बटता है। उनका नये क्षेत्र में जाने पर भी स्वागत होता है और उस क्षेत्र से दूसरे क्षेत्र में जाने पर भी उनका वंदन-अभिनंदन किया जाता है। उनका एक क्षेत्र से दूसरे क्षेत्र में जाने-आने दोनों में उनके गाजेबाजे है। वे जनता के सेवक जो ठहरे !

कभी कभी तो लगता है कि वे जीवनभर इतनी सेवा करते हैं लेकिन फिर उनके क्षेत्र में विकास दिखता ही नहीं ! वे जहां भी नई पदस्थापना पर जाते हैं वहां विकास की पूरी उम्मीद होती है लेकिन उनके जाने तक विकास दिखता ही नहीं। लगता यह विकास ही बिगड़ा हुआ है। सुधरना ही नहीं चाहता। इस विकास के लिए कोई कितनी ही मेहनत करें, यह कमबख्त जनता में टिकता ही नहीं। फिर भी जनता उनके आने-जाने दोनों समय पर स्वागत-वंदन करती हैं। क्षेत्र में आने पर पुष्प माला-जाने पर पुष्प माला । उनके आने पर भी क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ती है और उनके जाने पर भी खुशी की लहर..! वे कितने महान जन सेवक हैं। कोई इतना बड़ा सेवक कैसे हो सकता है !

वैसे उन्हें यह सेवा के दौरान बार-बार आना-जाना पसंद नहीं है। यह उनकी सेवा साधना में हर बार बाधा पहुंचाता है। वे हर सरकार की तबादला नीति के आलोचक रहे हैं। इस विषय पर कोई उनसे राय भी नहीं लेता। वे राय देने में एक्पर्ट है। पर सरकार है कि उनकी सुनती ही नहीं। वे जब भी दृणता से मन बनाकर क्षेत्र व जनता की सेवा करने पर उतारू होते हैं सरकार उनका तबादला कर देती हैं। वे फिर नये स्थान पर वंदनीय हो जाते हैं। एक बार फिर स्वागत-वंदन की बेला आ जाती हैं। वे इन सब से अभिभूत हो जाते हैं। इससे उनके शरीर में जनसेवा का करंट दौड़ता है। उनके अगले क्षेत्र में फिर विकास की उम्मीद जागनी शुरू हो जाती हैं ! उन्हें हर पदस्थापना पर विकास नजर आता है लेकिन क्षेत्र की समस्याओं की अधिकता के कारण यह सबको नजर नहीं आता।

फिर भी वे हर बार नई उम्मीद व विश्वास के भरोसे कार्यभार ग्रहण करते ही है। जनसेवा के इस भार ने उनके कंधों को बहुत क्षति पहुंचाई है। वे झुककर घुटनों तक आ गए हैं। लेकिन उन्होंने विकास की प्रतिज्ञा नहीं छोड़ी है। प्रत्येक नये क्षेत्र में स्वागत-वंदन-अभिनंदन से उनके शरीर व आत्मा में जनकल्याण का लोकतांत्रिक विस्फोट होता है और वे उस क्षेत्र में फिर विकास की गंगा बहाने लगते हैं। राजधानी में फिर उनके नाम के चर्चे होते हैं। उन्हें राजधानी में सम्मान के लिए बुलाया जाता है। वहां भी गाजेबाजे के साथ उनका स्वागत, वंदन, अभिनंदन... होता है। उनका राजधानी में पहुंचना क्षेत्र के लिए शुभ माना जाता है।
एक दिन वे हमेशा के लिए राजधानी में स्थापित कर दिये जाते हैं। उनके लिए राजधानी में एक निश्चित लोकतांत्रिक मठ बना दिया जाता है। वे उस मठ में खुशी से जनसेवा की जुगाली करते हैं। अब राजधानी में ही उनका वंदन-अभिनंदन समय-समय पर होता रहता है। कभी-कभी राजधानी के मठ में बैठे-बैठे वे क्षेत्र के स्वागत-वंदन-अभिनंदन समारोहों की सुखद स्मृतियों की कमी जरूर अनुभव करते हैं।
आगे चलकर धीरे-धीरे राजधानी के ये मठ उन्हें खाने दौड़ते हैं। उनका इन मठों से मौह भंग हो जाता है। वे इनसे परेशान हो जाते हैं। उनका मन राजधानी में नहीं लगता। वे राजधानी से भागना चाहते हैं। उन्हें अपने क्षेत्रीय जनसेवा के अच्छे दिन याद आते हैं। वे फिर नये क्षेत्र की ओर प्रस्थान करते हैं। इस बार वे एक निश्चित क्षेत्र के स्थायी निवासी बन जाते हैं। अपने जीवन के कन्याकुमारी पड़ाव पर वे जनसेवा के लिए नहीं, अपनी आत्मा की शुद्धि के लिए आम आदमी बन जाते हैं....!!


भूपेन्द्र भारतीय 
205, प्रगति नगर,सोनकच्छ,
जिला देवास, मध्यप्रदेश(455118)
मोब. 9926476410
मेल- bhupendrabhartiya1988@gmail.com 

Sunday, November 6, 2022

“सर्वर डाउन” पर लचकलाल व मेरी बातचीत....!!

 “सर्वर डाउन” पर लचकलाल व मेरी बातचीत....!!


  



ऊँचा-नीचा होना प्रकृति के प्रमुख लक्षणों में है। यह अब तक जीवों में ही था। लेकिन अब यह सेवा क्षेत्र में ज्यादा पाया जाता है। कोई चीज ऊँची जाऐगी तो उसका नीचे भी आना जरूरी है। ओर वह आऐगी ही। जो ऊपर लटका है वह नीचे भी गिरेगा ही। यह हमें न्यूटन बाबा से पहले वाले बाबा बता गए हैं। ‛अप-डाउन जीवन का नियम है। लेकिन वर्तमान में “सर्वर डाउन होना” नया नियम हो गया है।

आप सोच रहेंगे होगे, ‛यह ऊपर-नीचे की ओर जाना कौनसा नया दर्शन है ?’ यह तो सबको पता है। यह सब तो प्रतिदिन हर व्यक्ति के जीवन में चलता रहता है और चलता रहेगा। आप सही सोच रहे हैं। मैं भी मानता हूं, सही भी है। मैं आपकी भावना समझ रहा हूँ। बस इसमें मैं इतना ही जोड़ना चाहता हूँ कि ऊँचा-नीचा होना, उठना-गिरना, चढ़ना-उतरना आदि मानवीय व मशीनी क्रियाओं में अब “सर्वर डाउन होना” भी जोड़ा जाना चाहिए। पिछले एक दशक से यह मेरे दैनिक जीवन में अक्सर होता आ रहा है। मैं जानता हूँ कि आपके जीवन में भी यह हो रहा है। आप भी कभी इसका आनंद उठाते हैं और कभी इसके दुखानंद में उठट-बैठक करते रहते हैं।

वैसे यह “सर्वर डाउन होना” क्या होता है, इसे समझना इतना भी आसान नहीं है। इसको समझने के लिए सरकारी कार्यालयों, बैंकों, सायबर कैफे, आनलाईन साईट, बाबूजी की टेबल आदि के चक्कर काटने पड़ते हैं। ऐसे में बहुत बार किसी साईट के सर्वर डाउन के चक्कर में आपका मानसिक-शारीरिक सर्वर भी डाउन हो सकता है...!
विगत दिनों मेरे परम् मित्र लचकलाल जी का सर्वर डाउन हो गया था। उनकी जैब का डाटा उड़ चुका था। वे एक सेवा कार्यालय से स्वयं भी डाउन होते हुए आ रहे थे, तभी मुझे मिल गए। मैंने पूछा, ‛क्यों लचकलाल आज तो बड़े बैठे-बैठे से लग रहे हो ?’ कहने लगा, मत पूछ मित्र;- “मैं तो इस सर्वर डाउन चल रहा है !” जवाब को सुन सुन कर परेशान हो गया हूँ। आजकल जिस भी कार्य को करो, सर्वर डाउन की समस्या सबसे पहले आ जाती है। जिस भी कार्यालय में जाओं सर्वर डाउन का हल्ला मचा हुआ है। बाबूजी की टेबल के सामने सही से खड़े ना हो, उसके पहले वे कह देते है, “अभी सर्वर डाउन चल रहा है कल आना।"
एक तरफ तो केन्द्र से लेकर पंचायत तक सरकारें 5जी गति से योजनाओं की घोषणा कर रही है, वहीं योजनाओं की फाईलें सर्वर डाउन की शिकार हो रही हैं। इससे तो पहले का सिस्टम अच्छा था। सबकुछ कागजों पर होता था। जैसा माल-वैसा काम। जो चाहो वह कागज पर चितर दो ! फाइलें जैब के डाटा से 5जी गति से आगे बढ़ती थी। कई मामलों में फाइलें कूदा दी जाती थी।
उस दिन लचकलाल बहुत चिंतित लग रहा था ! एक्टिविस्टों की भाषा शैली में बोल रहा था, “अब तो इस इंटरनेट सेवा ने मेवा भी कम कर दिया और माथापच्ची ज्यादा। लगता है, “भ्रष्टाचार, कामचोरी व लेटलतीफी का नया औजार सर्वर-डाउन हो गया है।”
लचकलाल फिर 4जी स्पीड से कह रहा था कि सोशल मीडिया साईट्स का सर्वर डाउन हो जाये तो जनता आंदोलन पर उतारू हो जाए ! वहीं हमारे जैसे लाभार्थियों की फाईलों की बात हो तो सर्वर डाउन से किसी को कोई फर्क नहीं पड़ता ! आजकल के स्मार्ट बाबूजी भी “सर्वर डाउन” को पेरासिटामोल की गोली की तरह उपयोग करते हैं। कोई भी सरकारी मरीज हो “सर्वर डाउन” की गोली दे दो।

लचकलाल के इस आनलाईन दुख में मैं भी कुछ देर तक शामिल रहा। हमने इस प्रोद्योगिकी औजार पर बुद्धिजीवियों जैसी लंबी बातचीत की। जिससे मेरा भी सर्वर डाउन होने लगा। मैंने अपने आप को संभाला। बातचीत को दो चाय से शांत करने की कोशिश। पर जैसे कि अंतरराष्ट्रीय गोष्ठियों, यूएनओ की महासभा, विधानसभा-संसद की चर्चाओं व राज्यों के सम्मेलनों के आयोजनों का निचोड़ ज्यादा कुछ नहीं निकलता। उसी तरह हमारी भी बातचीत दो चाय से आगे नहीं बढ़ पाई....!!



भूपेन्द्र भारतीय 
205, प्रगति नगर,सोनकच्छ,
जिला देवास, मध्यप्रदेश(455118)
मोब. 9926476410

हिंदू उत्ताराधिकार विधि पर पुनर्विचार हो....

हिंदू संस्कृति व समाज व्यवस्था में दो सबसे महत्वपूर्ण संस्था है पहली परिवार व दूसरी विवाह। पहला हिन्दू परिवार कब बना होगा यह अनंत व अनादि का...